खानपुर क्षेत्र के गांव शेखुपुरा के मृतक किसान कुलदीप का फाइल फोटो।
खानपुर। शेखूपुरा गांव में खेत पर घूमने गए किसान कुलदीप (32) की रविवार रात गला रेतकर हत्या कर दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों को सड़क किनारे शव पड़ा मिला। कुलदीप का करीब ढाई माह पहले स्याना में कुछ युवकों से झगड़ा हुआ था। तभी से स्याना छोड़कर गांव में ही रहने लगा था। पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
परिजनों ने बताया कि कुलदीप रविवार रात करीब पौने आठ बजे कनौना रोड स्थित खेतों पर गया था। कुलदीप के चचेरे भाई सुधीर ने बताया कि वहां से गुजर रहे एक किसान ने कुलदीप का शव पड़ा देखा। गले पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या की गई है। हत्या की जानकारी पर मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। एसपी सिटी शंकर प्रसाद व अन्य पुलिस अधिकारी भी पहुंचे।
कुलदीप के भाई पुष्पेंद्र की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। ग्रामीणों और परिजनों से पूछताछ और जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में ले लेकर पूछताछ शुरू की है। बताया जा रहा है कि संदिग्ध से पुलिस को कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं।
तीन दिन से था परेशान
पुष्पेंद्र ने बताया कि पहले कुलदीप अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ स्याना में रहता था। वहां खल-चूनी की दुकान पर काम करता था। करीब ढाई माह पहले उसका स्याना में ही कुछ युवकों से झगड़ा हो गया था। इसके बाद वह शेखपुरा गांव आ गया था। पिछले तीन दिन से काफी परेशान था। बार-बार घर की छत पर जाकर चिंतन की मुद्रा में रहता था। इस दौरान कुलदीप की पत्नी भी छत पर जाती। दोनों घंटों छत पर ही रहते थे। परिजनों ने कई बार कुलदीप से झगड़े के बारे में पूछा था लेकिन उसने कुछ नहीं बताया।
कोट
मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। कुछ अहम सुराग मिले हैं। विभिन्न पहलुओं के आधार पर जांच की जा रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा। - शंकर प्रसाद, एसपी सिटी