घरेलू कलह में पत्नी की गला रेतकर हत्या
शिकारपुर। कोतवाली क्षेत्र के गांव कुतुबपुर में पारिवारिक कलह के चलते पति ने अपनी पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद पति दरवाजे की कुंडी लगा कर कमरे में बंद हो गया और शोर मचाने लगा। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव कुतुबपुर निवासी अनिल ट्रक चालक है। वह अपने परिवार के साथ दूसरे भाई से अलग रहता है। सोमवार सुबह उसकी पत्नी रजनी (35) मकान के कमरे में खाना बना रही थी, उस दौरान आरोपी अनिल उसके पास बैठा था। दोनों पति पत्नी में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। जिसके बाद उसने पास ही में रखे धारदार हथियार (दांव) से गर्दन पर वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी अंदर वाले दूसरे कमरे में बंद हो गया और जोर से बेटे प्रतीक को आवाज देकर चिल्लाने लगा कि उसने पत्नी की हत्या कर दी है। पुलिस को सूचना दे दो। बेटे ने कमरे का दरवाजा काटकर अंदर प्रवेश किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अंदर वाले कमरे का दरवाजा तोड़कर आरोपी को बाहर निकाल कर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मृतका के परिजनों को मामले की सूचना दी। मामले में अभी कोई तहरीर पुलिस को नहीं मिली है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले में रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की बात कह रही है।
बेटे ने कहा- जमीन को लेकर था विवाद
मृतका की तीन संतानों में दो पुत्री और एक पुत्र है। 17 वर्षीय बड़े पुत्र प्रतीक ने पुलिस को बताया कि मम्मी-पापा में जमीन को लेकर गृह क्लेश चल रहा था। उसने बताया कि बाबा और चाचा मिलकर पापा से जमीन बेचने की बात कह रहे थे। लेकिन, मम्मी जमीन बेचने को राजी नहीं थी। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह पापा ने दाढ़ी बनाने का सामान लेने के लिए उसे दुकान पर भेज दिया। जब वह वापस लौटा तो पापा कमरे से चिल्ला रहे थे कि प्रतीक मैंने तेरी मम्मी को मार दिया है। पुलिस को सूचना दे दे। प्रतीक ने बताया की दरवाजा अंदर से बंद था जिसे काटकर वह कमरे में गया। वहां उसकी मां खून से लथपथ पड़ी थी।
मृतका के परिजनों ने किया हंगामा, पुलिस देखती रही तमाशा
मृतका की हत्या की सूचना पाकर मायके वाले कुतुबपुर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने आरोपी के भाई बबली के घर में एक लड़की को पकड़ लिया और पीटने लगे। जब एक युवक ने उसे बचाने का प्रयास किया तो उसकी भी डंडों से धुनाई कर दी। परिजनों ने घर में रखा सामान तक तोड़ डाला। वह इस हद तक उतारू थे कि उनका विरोध करते ही वह उस पर टूट पड़ते थे। वहां मौजूद पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी तमाशा देखते रहे।
मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। आरोपी पति को हिरासत में ले लिया गया है। हत्या का कारण जमीन बेचने को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है। - संतोष कुमार सिंह, एसएसपी