खेत पर गए अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या
औरंगाबाद। अगौता थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम मामूली विवाद के चलते अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शव पूर्व प्रधान के नलकूप में फेंककर हत्यारे मौके से भाग गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। हालांकि, अभी मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है। परिजन गांव निवासी कुछ लोगों पर ही हत्या की आशंका जता रहे हैं।
मूल रूप से गांव अगौता निवासी रजनीश चौहान (50) पिछले कई वर्षों से नगर कोतवाली क्षेत्र में नुमाइश रोड पर परिवार के साथ रह रहे थे। पेशे से वह अधिवक्ता थे और बुलंदशहर न्यायालय में ही प्रैक्टिस कर रहे थे। बताया गया कि रविवार को रजनीश चौहान गांव आए हुए थे। परिजनों के अनुसार शाम को वह खेतों पर जाने की बात कहकर निकले थे। बताया गया कि वहां अधिवक्ता रजनीश चौहान का किसी से कोई विवाद हुआ था। जिसके बाद गांव के ही बदमाशों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी और शव को पूर्व प्रधान नीतू चौहान के नलकूप में फेंककर दिया। देर शाम पूर्व प्रधान ने मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे तो वहां अधिवक्ता का गोली लगा शव पड़ा मिला। अधिवक्ता के सिर में एक गोली का निशान था। आशंका है कि हमलावरों ने अधिवक्ता को गोली सटाकर मारी है। हत्या की सूचना मिलते ही अगौता पुलिस मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने मामले में पूर्व प्रधान को हिरासत में लिया है। इंस्पेक्टर अगौता अमर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही वारदात का राजफाश कर दिया जाएगा।