हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और लोग।
हादसे के बाद मौके पर हंगामा कर रहे लोगों को पुलिस ने समझा-बुझाकर कराया शांत
संवाद न्यूज एजेंसी
शिकारपुर। थाना क्षेत्र में बदायूं-दिल्ली हाईवे पर शुक्रवार शाम तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने टेंपो को टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो सवार चार वर्षीय बच्ची और एक महिला की मौत हो गई। जबकि, पांच यात्री घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जबकि, मृतकों के शव पोस्टमार्टम को भेजे। इस दौरान विरोध कर रहे लोगों को पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत किया और यातायात को सुचारु कराया।
अमरगढ़ चौकी क्षेत्र के जगदीशपुर गांव निवासी महिला सोनू कुमारी अपनी चार वर्षीय पुत्री कनिष्का व गांव निवासी महिला संतोष सिंह, लौंग देवी, राखी, ममता व ओमवीर के साथ टेंपो में सवार होकर शिकारपुर बाजार जा रही थी। बताया गया कि जब टेंपो गांव रानऊ के निकट हाईवे पर पहुंचा तो सामने से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में चार वर्षीय बच्ची कनिष्का की मौत हो गई। जबकि, उसकी मां समेत अन्य टैंपो सवार घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां से चिकित्सकों ने राखी को गंभीर हालत में हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया। लेकिन, राखी की रास्ते में ही मौत हो गई। हादसे के बाद कुछ लोगों ने हाईवे पर जाम लगाने की कोशिश करते हुए हंगामा भी कर दिया। लेकिन, पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया और सड़क से दोनों वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू करा दिया। हादसे के बाद आरोपी ट्रक का चालक मौके पर ही ट्रक छोड़कर भाग निकला। हादसे की सूचना पर मृतकों के परिजन भी पहुंच गए। सीओ शिकारपुर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।