शिकारपुर। चचेरी बहन के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। आरोपी की पत्नी ने अपने पति को पिटता देख पुलिस को सूचना दी, तो पूरी सच्चाई सामने आई। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक अपने पिता की मौत के बाद पत्नी समेत चाचा के साथ रहता है। बताया जा रहा है कि युवक बाग की रखवाली का काम करता है। रविवार देर रात अचानक मौसम खराब होने पर पीड़िता की मां ने आरोपी को बहन के साथ जाकर बाग से चारपाई उठाने के लिए कहा। पीड़िता की मां का आरोप है कि काफी देर तक चारपाई लेकर न लौटने पर मौके पहुंची तो आरोपी को नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म करते हुए पकड़ लिया। इसके बाद पीड़िता की मां ने आरोपी की पिटाई कर दी। अपने पति की पिटाई होती देख उसकी पत्नी ने पुलिस को फोन कर दिया। मौके पर पुलिस पहुंची तो पीड़िता और उसकी मां ने पूरी कहानी बताई। इसके बाद पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजते हुए आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पीड़िता की मां की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पीड़िता के मेडिकल जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शोभित कुमार, सीओ