बुलंदशहर। घर से बाजार के लिए बच्चों के साथ निकली महिला संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। पीड़ित परिजनों ने नगर के देवीपुरा निवासी युवक पर अपहरण का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नगर की वाल्मीकि बस्ती निवासी पीड़ित ने एसएसपी को शिकायत देकर बताया कि उनकी पुत्रवधू पहासू क्षेत्र स्थित अपने मायके से सामान खरीदने के लिए बाजार गई थी। देर रात तक महिला और उसके बच्चे वापस नहीं लौटे तो उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। महिला को ढूंढने के दौरान पता चला कि नगर के मोहल्ला देवीपुरा निवासी अनिल उनकी पुत्रवधू और तीनों बच्चों को अपने साथ जबरन ले गया है। आरोप है कि जब आरोपी के परिजनों से इस बारे में जानकारी की तो, उन्होंने जान से मारने की धमकी दी। जिसके चलते उनकी पुत्रवधू व तीनों बच्चों की जान का खतरा बना हुआ है। मामले में नगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ सिटी विकास प्रताप सिंह ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर कोतवाली नगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जल्द ही महिला और बच्चों को बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।