पुष्प वर्षा से किया मां अन्नपूर्णा का स्वागत
बुलंदशहर/खुर्जा/सिकंदराबाद। सौ साल पूर्व मां अन्नपूर्णा की मूर्ति चोरी होकर कनाडा पहुंच गई। जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयास से भारत लाए जाने पर दिल्ली से वाराणसी तक देवी अन्नपूर्णा पुनर्स्थापना यात्रा निकाली जा रही है। देवी अन्नपूर्णा पुनर्स्थापना यात्रा का भूड़ चौराहे पालिका चेयरमैन मनोज गर्ग और स्याना विधायक ने सभासदों संग पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और आरती उतारी। इसके बाद यात्रा खुर्जा की ओर रवाना हो गई।
मान्यता है कि शिव की नगरी काशी में मां पार्वती अन्नपूर्णा के रूप में विराजमान हैं और उन्होंने खुद भगवान भोले को भिक्षा दी थी, तभी से मिले वरदान के तहत माना जाता है कि काशी में कोई भी शख्स भूखा नहीं सो सकता, क्योंकि खुद मां अन्नपूर्णा उसका पेट भरती हैं। भूड़ चौराहे समेत विभिन्न स्थानों पर यात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। यात्रा प्रदेश के विभिन्न जनपद होते हुए 14 नवंबर को वाराणसी पहुंचेगी, जहां 15 नवंबर को एकादशी के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस दौरान स्याना विधायक देवेंद्र सिंह लोधी, पालिका ईओ मनोज रस्तोगी, पालिका सभासद अजय कुमार, त्रिभुवन सिंह, सुशील कंसल, संजय कटारिया, सुखदेव शर्मा और तुषार गुप्ता आदि मौजूद रहे।
खुर्जा में मां अन्नपूर्णा देेवी की प्राचीन मूर्ति यात्रा नव दुर्गा मंदिर पर देर शाम साढ़े छह बजे पहुंची। यात्रा अपने तय समय से पांच घंटे देरी से पहुंची थी। इस कारण यात्रा मंदिर पर ज्यादा समय तक नहीं रुक पाई। केवल आरती के लिए पांच मिनट रुक कर रवाना हो गई। खुर्जा विधायक विजेंद्र सिंह, एसडीएम लवी त्रिपाठी और एसपी देहात समेत अन्य अधिकारियों ने यात्रा का स्वागत किया।
सिकंदराबाद में करीब पौने चार बजे मां अन्नपूर्णा देवी पुनर्स्थापना यात्रा लुहारली टोल प्लाजा पहुंची। यहां संयोजक विधायक बिमला सोलंकी व भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल सिसौदिया नेतृत्व में आरएसएस, बजरंग दल समेत अन्य संगठनों ने पुष्प वर्षा करते हुए रथ यात्रा का स्वागत किया। डीएम सीपी सिंह, एसएसपी संतोष कुमार, एडीएम डा.प्रशांत कुमार, एसपी सिटी सूर्यनाथ त्रिपाठी, एसडीएम, तहसीलदार आदि प्रशासनिक टीम ने ने पुष्प वर्षा करते हुए माल्यार्पण किया।