अनूपशहर। कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले के बाद शुरू हुए गुदड़ी मेला में अब रंगारंग और सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू हो गए हैं। इसी कड़ी में मंगलवार की रात्रि वबस्टर गंज पर रसिया दंगल का आयोजन हुआ। इसमें अलीगढ़ व हाथरस की टीमों के बीच मुकाबला हुआ। बुधवार की सुबह तक चले इस दंगल में गंगा मईया की भक्ति का जाम पियो रसिया सुन श्रोता गदगद हो उठे।
नगर पालिका अनूपशहर के तत्वाधान में रसिया दंगल का आयोजन किया गया। इसकी शुरूआत मुख्य अतिथि रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अभय गर्ग और व्यापार मंडल के अध्यक्ष विनीत बंसल एवं पालिका अध्यक्ष ब्रजेश गोयल ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर किया। इस दौरान पालिका अध्यक्ष ने मुख्य अतिथि को पटका पहनाकर एवं शाल उड़ाकर स्वागत किया। इसके पश्चात अखाड़े के उस्ताद खलीफाओं का पगड़ी बांधकर सभी का मान सम्मान अभिनंदन किया। नगर पालिका के संयोजन में आयोजित रसिया का मुकाबला हाथरस के अखाड़ा छंग्गा व अलीगढ़ के बैरंगमल वालों की टीम के बीच हुआ।
दोनों तरफ से कलाकारों ने भक्तिमय रसियों से कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को बांधे रखा। हाथरस के अखाड़ा छंग्गा से कलाकार रामवीर और दिनेश तोमर तो अलीगढ़ के बैरंगमल वालों की टीम के कलाकार लालता प्रसाद व दिनेश कुमार ने जोरदार प्रस्तुतियां दीं। रसिया दंगल का संचालन हर्षित गर्ग ने किया। इस दौरान अभय गर्ग, विनीत बंसल, सोनू रस्तोगी, अफ़ज़ल गाज़ी, मनोज गोल्डी, विकास, विजय गोयल, कमल गोयल, ललित गोयल, अंकित गोयल, यश ठाकुर और विजय गोयल सहित सैकड़ो की संख्या में लोग उपस्थित रहे।
मेले में उमड़ रही भीड़, दुकानदारों के चेहरे पर खुशी
अनूपशहर। कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान के बाद अब गुदड़ी मेला गुलजार है। मेले में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। इसे देख दुकानदारों के भी चेहरे पर खुशी है। मेला देखने के लिए रोजाना हजारों लोग पहुंच हैं। मीना बाजार में बड़ी संख्या में महिलाएं खरीदारी के लिए पहुंची रहीं हैं। मुंबई से आई हुई भेलपुरी, वड़ापाव व स्मोक पान की दुकान पर लोगों की खासी भीड़ उमड़ रही है। अधिकांश लोग झूले चकरी की तरफ ज्यादा आकर्षित हो रहे हैं। नाव, मिक्की माउस, मोटरसाइकिल, ड्रैगन, ब्रेक डांस और छोटे झूलों पर बच्चों ने आनंद लिया। मेले में लगे हुए विभिन्न प्रकार के झूलों पर झूलने वालों की लंबी कतारें रहीं। मेला गंगा घाटों से सिमटकर कर मीना बाजार और अलीगढ़ रोड तक गुलजार है।