पांच भट्ठों से मुक्त कराए 20 से अधिक श्रमिक परिवार
बुलंदशहर। श्रम विभाग ने पांच भट्ठों से 20 से अधिक परिवार मुक्त करवाए हैं। यह सभी श्रमिक परिवार गुलावठी, शिकारपुर, डिबाई, अनूपशहर और सिकंदराबाद क्षेत्र में चल रहे भट्ठों पर काम कर रहे थे। यह परिवार बदायूं आदि जिले से थे। शिकायत मिलने पर विभागीय अधिकारियों ने कार्रवाई की है।
सहायक श्रमायुक्त मुकेश कुमार दीक्षित ने बताया कि पिछले एक माह में जिले के पांच भट्ठों पर काम करने वाले श्रमिक परिवारों की शिकायत मिली थी कि उन्हें बंधक बनाकर काम करवाया जा रहा है। उनका यह भी आरोप था कि पैसे आदि न होने के कारण कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस तरह की शिकायत डीएम आदि अफसरों को भी मिली। डीएम के आदेश पर गुलावठी, शिकारपुर, डिबाई, अनूपशहर और सिकंदराबाद क्षेत्र में चल रहे भट्ठों पर विभागीय टीम को जांच के लिए भेजा गया। जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि अधिकतर भट्ठा संचालकों ने श्रमिकों को पैसे दे दिए थे, लेकिन श्रमिक इस बात को स्वीकार नहीं कर रहे थे। उनकी जिद थी कि वह यहां काम नहीं करना चाहते और अपने घर जाना चाहते हैं। इस पर नियम के अनुसार पांच भट्ठों से करीब 20 श्रमिक परिवारों को उनके घर भेजने की कार्रवाई की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि इस तरह की कई अन्य शिकायत भी हैं, जिनकी जांच की जा रही है।