बुलंदशहर। एक ही ई-वे बिल पर 24 घंटे में दूसरी बार घी को हरियाणा सप्लाई करने के लिए जाते हुए जीएसटी अधिकारियों ने पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि परम ब्रांड के पकड़े गए घी की कीमत 16 लाख है। इसके अलावा गाजियाबाद से अलीगढ़ और मुजफ्फरनगर जा रही स्क्रैप से लदी चार गाड़ियां भी पकड़ी हैं।
जीएसटी अधिकारियों ने आरएफआईडी स्कैनर की मदद से टैक्स चोरी कर हरियाणा ले जाया जा रहा देशी घी पकड़ा है। जीएसटी के असिस्टेंट कमिश्नर पीएन मिश्रा ने बताया कि 16 लाख कीमत के परम ब्रांड के देशी घी से लदी एक गाड़ी हरियाणा में घी सप्लाई करने के लिए जा रही थी। ई-वे बिल बनाने के बाद व्यापारी की ओर से एक गाड़ी माल हरियाणा में सप्लाई कर दिया गया, जबकि 24 घंटे के अंदर दूसरी बार जब गाड़ी टोल पर पहुंची तो आरएफआईडी पर अलर्ट मिला। इसके चलते मौके पर पहुंचकर गाड़ी के दस्तावेज की जांच की गई। जांच के दौरान ई-वे बिल पर दोबारा घी सप्लाई करने की पुष्टि हुई। इसके चलते अब व्यापारी के खिलाफ घी की कुल कीमत का 10 फीसदी 1.6 लाख रुपये कर वसूला है। इसके अलावा गाजियाबाद से वाया अलीगढ़ और मुजफ्फरनगर जा रहीं स्क्रैप से लदी चार गाड़ियां भी अधिकारियों ने पकड़ी हैं। बताया जा रहा है कि उक्त गाड़ियों के मालिक को स्क्रैप माफिया घोषित करते हुए मुख्यमंत्री पोर्टल पर जानकारी अपलोड की गई थी।