डिबाई तहसील में थाना समाधान दिवस में फरियाद सुनते अधिकारी। संवाद
बुलंदशहर। संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को जिले की सातों तहसीलों में फरियादियों की संख्या काफी कम रही। इस दौरान कुल 123 लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। जिनमें से मौके पर 11 शिकायतों का ही निस्तारण किया जा सका। शिकारपुर तहसील में डीएम के न पहुंचने के कारण फरियादियों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
शनिवार को जिले की सातों तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। डीएम-एसएसपी के साथ अन्य जिला स्तरीय अधिकारी शनिवार को चुनाव आचार संहिता की तैयारियों के चलते संपूर्ण समाधान दिवस में नहीं पहुंचे। इसके चलते सातों तहसीलों में संबंधित एसडीएम ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। खुर्जा तहसील में मंगलवार को एसडीएम कमलेश गोयल की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान एक राजस्व और एक चकबंदी विभाग की शिकायत का निस्तारण किया गया। डिबाई तहसील में एसडीएम दीपक कुमार पाल की अध्यक्षता में शिकायतें सुनी गई। मौके पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। स्याना में एसपी सिटी शंकर प्रसाद की अध्यक्षता में तहसीलदार सीपी पांडेय ने लोगों की शिकायतें सुनीं। सिकंदराबाद में एसडीएम रेनू ने लोगों की शिकायतें सुनते हुए निस्तारण के निर्देश अधीनस्थों को दिए। जबकि सदर तहसील में एसडीएम डॉ. दिव्या मिश्रा ने लोगों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान सबसे अधिक शिकायतें सदर तहसील में जबकि सबसे कम सिकंदराबाद तहसील में आठ लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। डीएम सीपी सिंह ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि लंबित शिकायतों का समय पर निस्तारण करते हुए रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।
तहसीलवार प्राप्त और निस्तारित शिकायतें
तहसील
कुल शिकायतें
निस्तारित
बुलंदशहर
37
01
सिकंदराबाद
08
01
खुर्जा
11
02
स्याना
14
02
डिबाई
13
01
शिकारपुर
21
02
अनूपशहर
19
02
कुल
123
11