गड़ाना हत्याकांड : दो आरोपियों पर एनएसए की कार्रवाई
ककोड़। थाना ककोड़ क्षेत्र के गांव गड़ाना में घुड़चढ़ी के दौरान हुए विवाद में गोली लगने से हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई की है।
निरीक्षक राजीव कुमार सक्सेना ने बताया कि जिला कारागार में निरूद्ध आरोपी गड़ाना निवासी रामसिंह पुत्र रुपराम, जवाहरलाल पुत्र मुखराम उर्फ मुक्खा के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई की गई है।
गड़ाना में एक जुलाई की देर शाम निरंजन पुत्र इंदर की घुड़चढ़ी हो रही थी। तभी डीजे की तेज आवाज को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। फायरिंग में राकेश पुत्र बाबू सिंह गोली लगने से घायल हो गया था। उपचार के दौरान उसकी अस्पताल में मौत हो गई थी। मृतक के भतीजे राहुल की तहरीर पर पुलिस ने दुल्हा निरंजन, रामसिंह, जवाहरलाल, किक्का उर्फ कृष्ण कुमार, टोनी उर्फ दुष्यंत, धर्मेंद्र, दीपक समेत नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने नामजद सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जबकि आरोपी दीपक, कृष्ण ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। वही आरोपियों को संरक्षण देने के आरोप में आरोपियों के रिश्तेदार दिनेश उर्फ पिंटू, रामवीर, राजेश, लोचन, सुंदर, दिनेश, मदन को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था।