पूर्व विधायक को फोन पर धमकी मिलने के मामले में रिपोर्ट दर्ज
बुलंदशहर। पूर्व विधायक पंडित मुकेश शर्मा को विदेशी नंबरों से कॉल कर हत्या की धमकी मिलने के मामले में कोतवाली देहात पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस साइबर टीम की मदद से कॉल करने वाले का पता लगाने में जुटी हुई है।
कोतवाली देहात की यमुनापुरम कॉलोनी निवासी सपा नेता एवं पूर्व विधायक पंडित मुकेश शर्मा ने एसएसपी को शिकायती पत्र भेजकर बताया था कि उनके मोबाइल पर 16 अगस्त को दो बार और फिर 17 अगस्त को कई बार अज्ञात लोगों द्वारा कॉल की गई। इसमें उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। पूर्व विधायक ने बताया कि वह आगामी विधानसभा चुनाव अनूपशहर विधानसभा सीट से लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। उनकी राजनीति में लोकप्रियता को देखते हुए कुछ लोग अपने राजनैतिक स्वार्थ के लिए उनकी हत्या कराना चाहते हैं। ऐसे में भविष्य में उनके साथ कोई भी अप्रिय घटना हो सकती है। एसएसपी ने शिकायती पत्र के आधार पर देहात पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के आदेश दिए। बुधवार रात को देहात पुलिस ने अज्ञात शख्स के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली।