खुर्जा के कॉलेज मार्ग पर रखा बिजली के तार - संवाद
खुर्जा। क्षेत्र में कॉलेज रोड पर नए खंभे और तार लगाए जाने के कारण आस-पास की तीन कॉलोनी में पांच घंटे बिजली गुल रही। वहीं दोपहर को बिजली कटौती के कारण बाजार में स्थित दुकानों पर भी अंधेरा पसरा रहा। ऐसे में व्यापारियों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।
खुर्जा की कॉलेज रोड पर ऊर्जा निगम की ओर से पिछले तीन दिन से एरियल ब्रंच केबल लगाए जाने का कार्य किया जा रहा है। इसी के चलते सोमवार सुबह दस बजे से दोपहर 3 बजे तक बाजार में शटडाउन कर दिया गया। इससे गांधी रोड, ढोरी मोहल्ला और पदम सिंह गेट स्थित बाजार व आवासीय कॉलोनी में आपूर्ति ठप रही। लोगों को दोपहर में इन्वर्टर बैटरी का सहारा लेना पड़ा, मगर वह भी कुछ देर बाद ठप हो गए। ऐसे में उमस भरी गर्मी मेंं लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली नहीं आने के कारण फ्रिज और अन्य उपकरण नहीं चल सके। इससे दुकानों में रखी खाने पीने की वस्तुएं खराब हो गई। एक्सईएन सुनील कुमार का कहना है कि नए तार डाले जाने के कारण शटडाउन लिया गया था। दोपहर बाद सप्लाई चालू कर दी गई।