अब श्रमिकों के शिविर लगाकर बनाए जाएंग ई-श्रम कार्ड
बुलंदशहर। असंगठित श्रमिकों के लिए एक अच्छी खबर है। अब उनके ई-श्रम कार्ड बनाने के लिए शिविर लगाए जाएंगे। जिले के सभी ब्लॉकों पर शिविर लगाने के लिए सीडीओ अभिषेक पांडेय ने निर्देश जारी कर दिए हैं। विभागीय अधिकारियों ने यह निर्देश मिलने के बाद शिविर लगाने की तैयारी आरंभ कर दी है। शिविर दिवाली के बाद लगाए जाएंगे।
श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने असंगठित श्रमिकों, कर्मचारियों और कामगारों का ई-श्रम पोर्टल पर पंजीयन कर ई-श्रम कार्ड बनाया जा रहा है। यह कार्य शासन के आदेश पर जारी है। जिले में हजारों असंगठित श्रमिक हैं, जिनको पंजीकृत किया जाना है। सभी का पंजीकरण निशुल्क होगा और इसके लिए सरकार कॉमन सर्विस सेंटर संचालक को 20 रुपये प्रति कार्ड भी दे रही है। यदि इस यूनिक आईडी कार्ड में आवेदक बाद में अपडेट करवाता है तो उसके 20 रुपये उसे खुद वहन करने होंगे। यूनिक आईडी कार्ड बनते ही इन संगठित श्रमिकों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का लाभ मिल जाएगा। इसका एक साल का खर्च भी खुद सरकार ही वहन करेगी।
यह श्रमिक कर सकते हैं पंजीकरण
यूनिक आईडी कार्ड बनाने के लिए छोटे किसान, कृषि क्षेत्र में लगे मजदूर, पशुपालक, मछली विक्रेता, मोची, ईंट भट्ठों पर काम करे वाले, रेहड़ी व फड़ लगाने वाले, न्यूज पेपर वेंटर, कारपेंटर, प्लंबर, रिक्शा व ऑटो चालक एवं संचालक, मनरेगा श्रमिक, दूध विक्रेता, स्थानांतरित लेबर, नाई, चाय विक्रेता आदि अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।
पंजीयन के लिए जरूरी
- आवेदक आयकरदाता नहीं होना चाहिए।
- आवेदक किसी भी संगठित समूह या संस्था का सदस्य नहीं होना चाहिए।
- आवेदक का पीएफ और ईएसआई खाता नहीं होना चाहिए।
- आवेदक की उम्र 16 से 59 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
यह होंगे जरूरी दस्तावेज
आवेदक के पास आधार कार्ड नंबर होना चाहिए। बैंक का खाता और मोबाइल फोन नंबर भी अनिवार्य है। कोई भी श्रमिक अपने नजदीकी सीएससी पर जाकर पंजीयन कराकर ई-श्रम कार्ड बनवा सकता है। पंजीकरण निशुल्क है और श्रमिक को किसी तरह की राशि देने की जरूरत नहीं है।
जिले में असंगठित श्रमिकों के ई-श्रम कार्ड बनाने का काम जारी है। अधिक से अधिक श्रमिकों के कार्ड बनवाने के लिए अब ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे, जहां पर कोई भी श्रमिक पहुंचकर अपना कार्ड बनवा सकता है। इसके लिए विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। - मुकेश कुमार दीक्षित, सहायक श्रमायुक्त