पहासू क्षेत्र में एक उर्वरक की दुकान का निरीक्षण करते जिला कृषि अधिकारी राहुल तेवतिया।
- फोटो : BULANDSHAHR
उर्वरक की दो दुकानों के लाइसेंस निलंबित, चार को नोटिस
बुलंदशहर। जिले में शासन और डीएम के निर्देश पर उर्वरक की दुकानों का निरीक्षण बुधवार भी जारी रहा। कृषि विभाग की तीन टीमों ने 44 दुकानों का निरीक्षण करते हुए 15 दुकानों से उर्वरक के सैंपल लिए हैं। जबकि अनियमितताएं पाए जाने पर दो दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए और चार दुकानदारों को नोटिस जारी करने की कार्रवाई की है।
जिले में अफसर खाद की कमी नहीं बता रहे हैं। बावजूद इसके समितियों पर किसानों की लाइन लग रही है। इसी के तहत उर्वरक की दुकानों का लगातार निरीक्षण किया जाए, ताकि किसानों को खाद लेने में परेशानी न हो। बुधवार को कृषि विभाग की तीन टीमों ने अलग-अलग क्षेत्र में संचालित उर्वरक की दुकानों का निरीक्षण किया। प्रभारी उप कृषि निदेशक ने नौ उर्वरक की दुकानों का निरीक्षण करते हुए दो दुकानों से सैंपल लिए हैं। जिला कृषि अधिकारी राहुल तेवतिया ने 28 दुकानों का निरीक्षण करते हुए 11 दुकानों से उर्वरक के सैंपल लिए। साथ ही अनियमितता पाए जाने पर 11 दुकानदारों को नोटिस जारी करते हुए दो दुकानों के लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की है। इसी तरह भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. घनश्याम वर्मा ने सात दुकानों का निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान एक दुकानदार को नोटिस जारी करते हुए दो दुकानों से उर्वरक के सैंपल लिए हैं। जिला कृषि अधिकारी राहुल तेवतिया ने बताया कि उर्वरक के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे जाएंगे।