पति समेत तीन पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज
सिकंदराबाद। कोतवाली क्षेत्र के नया गांव निवासी बेटी की 30 सितंबर को ससुराल में संदिग्ध हालात में मौत के मामले में भाकियू भानु, परिवार, ग्रामीणाें के कोतवाली दादरी में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किए जाने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नया गांव निवासी रणवीर सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी सरिता की शादी सात दिसंबर 2020 को दादरी निवासी राहुल के साथ की थी। ससुरालिए शादी के कुछ दिन बाद ही दहेज में दस लाख रुपये नकद दिए जाने की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर वह उसकी बेटी को प्रताड़ित करने लगे। जानकारी होने पर उन्होंने कई बार बेटी के ससुरालियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। दहेज की मांग को लेकर उनका उत्पीड़न जारी रहा। बताया कि गत 30 सितंबर की रात करीब 11 बजे बेटी के ससुराल के पड़ोसी ने उन्हें फोन पर सूचना दी कि उनकी बेटी की तबीयत खराब है। सूचना पर जब वह वहां पहुंचा तो उसकी बेटी ससुराल में मृत अवस्था में पड़ी हुई थी। पूछने पर ससुरालियों ने बेटी की मौत के कारण के बारे में कुछ नहीं बताया। बेटी की अचानक मौत के सदमे से वह बेहोश हो गए। उनकी बेहोशी का फायदा उठाते हुए ससुरालियों ने बेटी का अंतिम संस्कार कर दिया। ससुरालियों की गतिविधियों को लेकर संदेह होने पर उसने पुलिस में दहेज हत्या की तहरीर दी। मगर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। सोमवार को भारतीय किसान यूनियन के लोग सांत्वना देने के लिए उनके घर पहुंचे तो घटना के बारे में उन्हें जानकारी दी। जिसके बाद भारतीय यूनियन भानु की प्रदेश मंत्री मनीषा सिंह, कल्पना भटनागर, राहुल पंडित, अनुज गुर्जर आदि कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों के साथ वह दादरी कोतवाली पहुंचे और आरोपी ससुराल के खिलाफ कार्रवाई को लेकर कोतवाली में प्रदर्शन किया, जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने पति, सास, ससुर के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की।