खानपुर थाना क्षेत्र के गांव पर्वाना में शनिवार सुबह खेत पर गई एक अबोध बच्ची नलकूप की हौद में गिर गई । कुछ देर बाद उसकी हौद में डूबकर मौत हो गई। परिजनों ने बच्ची के शव को गमगीन माहौल में दफना दिया है। पुलिस ने घटना की जानकारी से इंकार किया है।
परिजनों के मुताबिक गांव पर्वाना निवासी विजय सिंह के मकान से खेत की दूरी करीब 100 कदम की है। शनिवार सुबह विजय सिंह की दो वर्षीय पुत्री माही खेलते खेलते खेत पर जा पहुंची। वहां स्थित नलकूप की हौद पर चढ़कर खेलने के दौरान माही का पैर फिसल गया और वह नलकूप की हौद में भरे पानी जा गिरी।
बच्ची ने काफी निकलने का प्रयास किया लेकिन वह हौद में ज्यादा पानी होने के चलते डूबती चली गई। करीब एक घंटे बाद माही को तलाश करता हुआ एक बच्चा मौके पर पहुंचा और हौद से उसे निकालने का प्रयास किया। बाद में बच्चे ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी।
जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक माही ने दम तोड़ दिया था। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बच्ची के शव को पुलिस को सूचना दिये बगैर ही दफना दिया। एसओ खानपुर जनक सिंह चौहान ने घटना की जानकारी से अनभिज्ञता जताई है।
अज्ञात वाहन ने वृद्धा को कुचला, मौत
सिकंदराबाद(ब्यूरो)। कोतवाली क्षेत्र में बीती रात हाइवे पर अज्ञात वाहन की चपेट में आकर महिला की मौत हो गई। नगर के मोहल्ला काजीवाड़ा निवासी अजगरी उर्फ चुन्नी पत्नी शौकत कुछ दिनों से मानसिक रूप से बीमार चल रही थी। बताया जाता है कि शुक्रवार की रात अजगरी घर से निकल गई। बुलंदशहर रोड पर कटाखेड़ा के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई।