ग्राम पंचायत चुनाव की मतगणना के बाद जिले में जगह-जगह हिंसक झड़पें शुरू हो गईं हैं। चुनाव जीतने के बाद प्रधान विरोधियों को जश्न नागवार गुजरा।
इस दौरान कई जगह दोनों पक्षों में जमकर मारपीट और पथराव हुआ, जिसमें कई लोग घायल हो गए। कहीं जीत के जश्न में आतिशबाजी छोड़ी तो दूसरे पक्ष ने विरोध में फायरिंग की।
कहीं हारे प्रत्याशी के पिता की मौत हो गई तो कहीं प्रधान के पिता की बेटे की जीत की खुशी मौत में हो गई।
इन गांवोें में भी हुई हिंसक झड़पें
कोतवाली क्षेत्र गांव भटौला, चंदेरू, हृदयपुर, नगला काला में भी प्रत्याशियों के समर्थकों में डीजे बजाने, आतिशबाजी को लेकर कहासुनी, मारपीट हुई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत करा दिया। पुलिस ने नतीजों के बाद हिंसा पर रोक लगाने के क्षेत्र के संवेदनशील गांव के प्रधान सहित सभी प्रत्याशियों को निगरानी में ले रखा था।
प्रत्याशी के पिता की मौत पर शोक
मतगणना के बाद ब्लाक के ग्राम किसौला में प्रत्याशी के पिता की ब्रेन हैमरेज से बीती रात मौत हो गई। सोमवार को गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
ग्राम किसौला में प्रधान पद के प्रत्याशी सोनू त्यागी के पिता ओमवीर सिंह (60) की रविवार दोपहर अचानक तबीयत खराब हो गई।
बताया जाता है कि उन्हें ब्रेन हैमरेज हुआ और मेरठ में वेटिलेटर पर भी रखा गया। इस घटना से किसौला गांव में शोक का माहौल है।
बेटे के प्रधान बनने की खुशी में मौत
ब्लॉक के गांव तेलियानगला से रूपसिंह के प्रधान निर्वाचित होने की जानकारी मिलने के बाद पिता केहरसिंह (98) की मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि जब उन्हें बेटे के प्रधान बनने की सूचना मिली तो वह काफी खुश नजर आए। इसी दौरान अचानक उनकी मौत हो गई।
धारा 144 के उल्लंघन में प्रधान गिरफ्तार
कोतवाली क्षेत्र के गांव डरौरा से होती सिंह के प्रधान निर्वाचित होने पर रविवार रात गांव में जलूस निकाले जाने की जानकारी मिलने पर प्रशासन ने इसे धारा 144 का उल्लंघन माना।
प्रभारी निरीक्षक वीके यादव ने बताया कि नवनिर्वाचित प्रधान होती सिंह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया गया। थाने से प्रधान होती सिंह को जमानत दे दी गयी।
नई मंडी चौकी क्षेत्र में पांच पर रिपोर्ट
नई मंडी चौकी क्षेत्र के भाईपुरा में प्रधान पति पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।
चौकी प्रभारी रामनिवास ने बताया कि भाईपुरा के जावेद, मोनीष पुत्रगण परवेज और तीन अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
बता दें कि जाकिर पत्नी के प्रधान बनने पर रविवार रात जश्न मना रहा था। इसी दौरान विरोधियों ने उस पर पथराव कर दिया था।