पिछले एक सप्ताह से पुलिस के लिए सिरदर्द बनीं तीन लड़कियों को पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस ने तीनों आरोपी युवकों को भी हिरासत में ले लिया है। लड़कियों का मेडिकल करा दिया गया है।
पीड़िताओं के कोर्ट में मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई की बात कह रही है। बरामद हुई लड़कियों में थाना पहासू, ककोड़ और नई मंडी चौकी क्षेत्र की हैं।
पुलिस लाइन में पत्रकारों से बात करते हुए एसएसपी मुनिराज जी. ने बताया कि 27 अप्रैल को पहासू थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी ने अपनी बेटी के लापता होने की जानकारी देते हुए गांव सोही निवासी यूसुफ के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।
पुलिस लड़की को तलाश कर रही थी, तभी दो मई की सुबह गांव सोही निवासी गवेंद्र अपने साथ हिंदू युवा वाहिनी के 5-6 कार्यकर्ता लेकर यूसुफ के घर पहुंचा। घर पर कोई न मिलने पर सभी लोग आम के बाग में पहुंचे और यूसुफ के पड़ोसी गुलाम अहमद उर्फ गुल्लू पुत्र अजमेरी (60) की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।
वारदात में शामिल पुलकित निवासी बनैल, ललित निवासी फजलपुर और हनी राघव निवासी पहासू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। एसएसपी ने बताया कि बुधवार रात करीब 2.30 बजे कस्बा हटीन जिला पलवल (हरियाणा) निवासी शौकीन के मकान से लड़की को बरामद कर मेडिकल कराया गया। कोर्ट में मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराए जाएंगे, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ककोड़ से लापता हुई किशोरी से हुआ था रेप
एसएसपी मुनीराज जी. ने बताया कि 24 अप्रैल को कस्बा ककोड़ से एक किशोरी लापता हो गई थी। पिता ने ककोड़ चेयरमैन कुंवर रिजवान, नौशाद, हिबजुल रहमान व तीन-चार अज्ञात के खिलाफ घर में घुसकर अपहरण करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
किशोरी की बरामदगी के संबंध में कई टीमें गठित की गई थीं। पुलिस आरोपी की मां शाबिरा, बहन नाजमीन, भाई गुड्डू, भांजा अजहर अली व अजहर की प्रेमिका महरून को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। तीन मई की रात टीम ने दिल्ली से किशोरी को बरामद कर लिया।
उसके पास से 6,06,500 रुपये बरामद हुए। किशोरी को मेडिकल कराया गया। मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराए जाएंगे। पुलिस ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर रेप और धोखाधड़ी की धाराओं की बढ़ोतरी की है। एसएसपी ने बताया कि मामले में ककोड़ चेयरमैन कुंवर रिजवान की संलिप्तता नहीं मिली है।