क्षेत्र के गांव बांसौटी में महिला को लूट रहे चार बदमाशों से दो फौजी भाई भिड़ गए। इस पर बदमाशों ने फौजी समेत दो लोगों को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल फौजी को बुलंदशहर के निजी अस्पताल से हायर सेंटर मेरठ रेफर कर दिया गया। वहीं दूसरे घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे गांव बांसौटी स्थित सरदार पटेल कॉलेज के पास चार युवक एक महिला को घेरे खड़े थे। वह महिला से लूटपाट कर रहे थे और वह चिल्ला रही थी। महिला की चीख सुनकर बांसौटी निवासी जबलपुर में फौज में तैनात कांस्टेबल सुधीर और हैदराबाद में तैनात उसका फौजी भाई अमित पुत्रगण मनवीर सिंह ने बदमाशों का विरोध किया।
दोनों फौजी भाई बदमाशों से भिड़ गए और उनको दबोचकर शोर मचा दिया। इससे गुस्साए बदमाशों ने सुधीर पर गोली चला दी। सिर में गोली लगते ही सुधीर जमीन पर गिर पड़ा। इससे बदहवास अमित शोर मचाकर सहायता के लिए लोगों को बुलाने लगा।
अमित के शोर और फायर की आवाज सुनकर पास में ट्रैक्टर से खेत जोत रहा किसान बच्चू सिंह पुत्र सतवीर सिंह भी दौड़कर वहां आया और बदमाशों को ललकारा। बदमाशों ने उसको भी गोली मार दी और एक बाइक से भाग गए। बदमाश अपनी दूसरी बाइक मौके पर ही छोड़ गए।
बच्चू सिंह को कूल्हे पर गोली लगी है। लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायल सुधीर और बच्चू सिंह को सीएचसी में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत के चलते फौजी सुधीर को परिजन बुलंदशहर के निजी अस्पताल लेकर गए, लेकिन वहां से भी उसको मेरठ रेफर कर दिया गया।
बच्चू सिंह का सीएचसी पर ही उपचार चल रहा है। दोनों भाइयों स्पोर्ट्स कोटे से सेना में भर्ती हुए थे। ये दीपावली की छुट्टी में अपने गांव बांसौटी आए हुए थे। एसपी देहात जगदीश शर्मा का कहना है कि महिला को चार लोग घेरे खड़े थे।
इसका विरोध करने पर फौजी सहित दो लोगों को गोली मारी गई है। महिला कौन थी और बदमाश किस मकसद से घेरे खड़े थे, इसकी जानकारी की जा रही है। बदमाश जिस बाइक को छोड़कर भागे हैं, वह दिल्ली से चोरी की गई थी।