एटीएम के गार्ड मोहल्ला रामनगर निवासी रोहित कुमार (18) पुत्र राजकुमार की हत्या अवैध संबंधों के कारण उसके तीन दोस्तों ने की थी। 21 दिन बाद उसका शव धौली प्याऊ के निकट जंगल में बोरे में मिला। पुलिस ने तीनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर रविवार को हत्याकांड का खुलासा कर दिया।
सीओ यशवीर सिंह ने बताया कि मोहल्ला रामनगर निवासी रोहित कुमार (18) पुत्र राजकुमार सिंह गत 12 नवंबर से घर से लापता हो गया था। उसके पिता राजकुमार ने थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मृतक रोहित तथा आरोपियों के मोबाइल की सीडीआर निकलवाई।
नये थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर भूपेंद्र सिंह ने हिरासत में लिए गए तीनों दोस्तों से सख्ती से पूछताछ की गई। जिस पर आरोपी टूट गए तथा उन्होंने सारी घटना पुलिस को बता दी। सीओ यशवीर सिंह के अनुसार ग्राम समाना निवासी नितिन व उसके दोस्त अमित कुमार निवासी सुखदेवपुर तथा अभिलाष उर्फ हनी निवासी गुलावठी गत 12 नवंबर को रोहित को उसके घर से बुलाकर ले गए तथा रिढावली मार्ग पर ले जाकर रोहित की गला घोंटकर हत्या कर दी।
उसके बाद रोहित के शव को बोरे में बांधकर मोटरसाइकिल से सिकंदराबाद रोड स्थित धौली प्याऊ के जंगल में फेंक आए। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर रोहित का शव बरामद किया।शव काफी हद तक गल चुका था। मात्र कंकाल के रूप में ही बचा था। रोहित के पिता राजकुमार ने पेंट व बैल्ट से रोहित के शव की शिनाख्त की।
सीओ के अनुसार मृतक रोहित के एक आरोपी की भाभी से अवैध संबंध थे तथा रोहित ने उस महिला की अश्लील क्लिप बनाई थी। इसी के चलते मुख्य आरोपी ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर रोहित की हत्या की। पुलिस ने मृतक के पिता राजकुमार की तहरीर पर तीनों के विरूद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।