काम की टेंशन ने एक एसडीओ को आईसीयू में पहुंचा दिया। काम के बोझ में दबे इस अफसर की मानसिक स्थिति बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। एसडीओ ने उच्चाधिकारियों पर उत्पीड़न का भी आरोप लगाया है। अभियंता संघ ने बैठक कर रोष जताया है और पूरे मामले से एमडी को अवगत कराने की बात कही है।
औरंगाबाद में एसडीओ गजेन्द्र प्रताप सिंह बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे अपने आवास पर पहुंचे थे। बताया गया कि हाइडिल कॉलोनी में आवास पहुंचते ही एक उच्चाधिकारी का फोन आ गया और उसने एक नया काम बता दिया। जैसे ही एसडीओ आवास से निकलने को हुआ तो गश खाकर नीचे गिर पड़ा। आनन-फानन में एसडीओ को नगर के मोहन अस्पताल में भर्ती कराया गया।
स्थिति गंभीर देख एसडीओ को आईसीयू में भर्ती कराया गया। एसडीओ का उपचार कर रहे डॉक्टर एसएम अग्रवाल ने बताया कि एसडीओ को भर्ती कराने के करीब छह घंटे बाद होश आया। डॉक्टर ने बताया कि एसडीओ की यह स्थिति मानसिक तनाव होने के कारण हुई। होश में आए एसडीओ ने अफसरों पर उत्पीड़न का भी आरोप लगाया है।
शुक्रवार को अभियंता संघ की बैठक में जिलेभर के एसडीओ ने अफसरों द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न के खिलाफ विरोध प्रकट किया। सचिव शिव कुमार ने कहा कि एसडीओ के साथ हो रहे उत्पीड़न से एमडी को भी अवगत कराया जाएगा।