नगर कोतवाली क्षेत्र में एक व्यक्ति ने 100 गज के प्लाट का बैनामा कर दिया, लेकिन 13 साल तक कब्जा नहीं दिया। पीड़ित ने जब रुपये मांगे तो आरोपी ने मारपीट की और उसके लाखों रुपये ठग लिए। पीड़ित ने एसएसपी के आदेश पर नगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मोहनकुटी निवासी दौलतराम पुत्र ज्ञासा सिंह ने एसएसपी को दी तहरीर में बताया कि वह सीधा-साधा अनपढ़ किसान है। उसने अब से करीब 13 साल पूर्व मोहनकुटी निवासी रामसरन पुत्र उमराव सिंह से 100 गज का प्लॉट खरीदा था। 24 अक्टूबर 2003 को रामसरन ने प्लाट का बैनामा कई लाख रुपये में किया था।
बैनामा करने के बाद रामसरन से प्लाट पर कब्जा मांगा। रामसरन कब्जा देने के लिए पिछले 13 वर्षों से टालता रहा। अंत में आकर कब्जा देने से इनकार कर दिया। दौलतराम का आरोप है कि जब उसने प्लाट की रकम वापस मांगी तो आरोपी रामसरन ने रुपये देने से इनकार कर दिया।
12 जून की शाम करीब छह बजे दौलतराम ने रामसरन से रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। थाना स्तर से सुनवाई न होने पर पीड़ित ने एसएसपी को तहरीर दी। नगर कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि रामसरन पुत्र उमराव सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।