स्वास्थ्य विभाग में तैनात एसीएमओ और नेत्र चिकित्सक को विदेशी नंबरों से धमकी भरी कॉल आई है। दोनों ने पूरे मामले से पहले सीएमओ को अवगत कराया है। इसके बाद एसएसपी से इसकी शिकायत की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्वास्थ्य विभाग में एसीएमओ के पद पर तैनात डॉ. रोहताश यादव ने सीएमओ-एसएसपी से की शिकायत में बताया कि पिछले कुछ दिनों से उनके फोन पर विदेशी नंबरों से कॉल आ रही हैं। कॉल करने वाला उनके साथ अभद्रता और उन्हें धमकी दे रहा है। उन्हें लगातार धमकी भरे कॉल आ रहे हैं। जब उन्होंने नंबर चेक कराया तो पता चला कि नंबर विदेश का है।
इसके अलावा जिला अस्पताल में तैनात नेत्र चिकित्सक डॉ. बीएन राय को भी विदेशी नंबरों से धमकी भरे फोन आ रहे हैं। डॉ. बीएन राय ने बताया कि उन्हें पिछले पांच-सात दिनों से विदेशी नंबरों से कॉल आ रही हैं। विदेश के फोन नंबर (++447417910562) से कॉल आ रही हैं।
कॉल करने वाला व्यक्ति उन्हें धमकी देते हुए अभद्रता कर रहा है। दोनों चिकित्सकों ने मामले की शिकायत सीएमओ और एसएसपी से की है। बता दें कि इससे पहले भी प्रशासनिक अफसरों और चिकित्सकों को फोन पर धमकी दी जा रही है। जिले के कई वरिष्ठ प्रशासनिक अफसरों को भी इसी प्रकार फोन पर धमकी दी गई है।
पूरे मामले की जांच जनपद पुलिस के अलावा एटीएस, एसटीएफ एनआईए और आईबी स्तर से की जा रही है। इस मामले में चार आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं, हालांकि अभी मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर है।
एसीएमओ डॉ. रोहताश यादव और नेत्र चिकित्सक डॉ. बीएन राय द्वारा उन्हें अवगत कराया गया कि उन्हें विदेशी नंबरों से धमकी भरे फोन आ रहे हैं। पूरे मामले से एसएसपी को अवगत करा दिया गया है।
-डॉ. दीपक ओहरी, सीएमओ
एसीएमओ और चिकित्सक को धमकी भरे फोन की जांच कराई जाएगी। जल्द ही पूरे मामले की जांच कर आरोपी की पहचान की जाएगी। पूरे मामले की जांच के लिए आईटी एक्सपर्ट की मदद ली जा रही है।
-मान सिंह चौहान, एसपी सिटी