सिंकदराबाद के बिलसूरी में पावर कारपोरेशन की जमीन कब्जाने के मामले में एक्सईएन के तीन दिन पूर्व तहरीर देने के बावजूद पुलिस रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही है। जांच के नाम पर कोतवाली पुलिस बिजली अफसरों को टरका रही है।अधीक्षण अभियंता ने कोतवाली पुलिस द्वारा रिपोर्ट नहीं दर्ज करने पर एसएसपी को पत्र लिखा है।
शासन को भी पावर कारपोरेशन ने रिपोर्ट भेज दी है। सिकंदराबाद क्षेत्र के बिलसूरी गांव के पास पावर कारपोरेशन के वर्षों पुराने जर्जर दफ्तर को गत गुरुवार को तोड़ना शुरू कर दिया गया। पुलिस और बिजली अफसरों के पहुंचने से पहले कब्जा करने वाले भाग गए थे।
बिजली अफसरों की शिकायत पर एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर जांच के भी निर्देश दिए। शुक्रवार को एक्सईएन सिकंदराबाद ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी थी। तीन दिन बीतने के बावजूद कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
अधीक्षण अभियंता ने पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े करते हुए एसएसपी को पत्र लिखा है। बिलसूरी के प्रधान विपुल चौधरी ने बताया कि एक स्कूल संचालक के इशारे पर यह सब किया जा रहा था।