राजधानी एक्सप्रेस में सफर कर रही नेहा कौशल का शव ट्रैक पर मिलने के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने जांच को ब्रेक लगा दिए हैं। जीआरपी के अफसरों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नेहा की मौत की वजह ट्रेन से गिरना निकली है।
हांलाकि जीआरपी अभी भी कई बिंदुओं पर जांच में जुटी है। पंजाब स्थित नेहा के घर जाकर जीआरपी की टीम को कुछ अहम सुराग मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
बता दें कि हावड़ा से नई दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस में अपने पति समेत परिवार के सदस्यों के साथ सफर कर रही पंजाब निवासी नेहा की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई थी। उसका शव 25 अक्टूबर को खुर्जा जंक्शन रेलवे स्टेशन स्थित ट्रैक पर शव मिला था। परिजनों की मानें तो नेहा अलीगढ़ स्टेशन के बाद टायलेट जाने की बात कहकर गई थी।
लेकिन उसके बाद नहीं लौटी। जीआरपी जंक्शन चौकी प्रभारी सत्यप्रकाश ने बताया कि हो सकता है कि डायपर आदि फेंकने के लिए नेहा ने दरवाजा खोला हो और गिर गई हो लेकिन नेहा की मौत से पूर्व के जो घटनाक्रम बता रहे हैं वह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बिलकुल भी मेल नहीं खाते। चौकी प्रभारी ने बताया कि नेहा घर जाकर परिजनों से भी पूछताछ की जाएगी।