मोहल्ला लाल डिग्गी में बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे एक शादी समारोह के दौरान हुए आपसी विवाद में एक व्यक्ति ने 20 वर्षीय युवक को तमंचे से गोली मार दी।
आनन-फानन में रिश्तेदार युवक को अस्पताल लेकर जाने लगे। मगर, युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तब तक आरोपी भाग गया।
अभी तक पीड़ित पक्ष ने मामले की तहरीर नहीं दी है। वहीं,घटना के बाद शादी की रस्में जारी रही।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला लाल डिग्गी में सबिस्ता खातून पुत्री आशु की शादी थी। बारात छिजारसी गाजियाबाद से आई थी।
बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे जब बारात गेट पर पहुंची तो तसलीम (20) पुत्र सगीर निवासी मऊखेड़ा बुलंदशहर की एक रिश्तेदार से कहासुनी हो गई।
बात इतनी बढ़ गई कि रिश्तेदार ने तमंचे से तसलीम पर गोली चला दी। गोली उसके सिर में लगी। घटना के बाद विवाह समारोह में भगदड़ मच गई।
घटनास्थल पर काफी भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन में रिश्तेदार तसलीम को लेकर अस्पताल की ओर भागे। मगर, तसलीम ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही सीओ हिमांशु गौरव व थाना प्रभारी विवेक रंजन मय पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचे। सीओ हिमांशु गौरव का कहना है कि हत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
अभी घटना की तहरीर नहीं मिली है। वहीं, समाचार भेजे जाने तक शादी की रस्में जारी थी।