हरिद्वार से मथुरा जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस बुलंदशहर-जेवर लिंक रोड पर बुधवार तड़के खड़े ट्रक में घुस गई। इस हादसे में बस चालक समेत दो की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में बस में सवार करीब 36 लोग घायल हो गए।
सूचना पर पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया । हादसे का कारण चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। मैनपुरी से तीर्थयात्रा पर निकले श्रद्धालुओं से भरी तीन बसें मंगलवार देर रात हरिद्वार से मथुरा-वृंदावन जा रही थीं।
रात करीब तीन बजे सबसे पीछे चल रही बस के चालक को झपकी आ गई। बस बेकाबू हुई और पुलिस चौकी स्थित चमन होटल के पास खड़े लकड़ियों से भरे एक ट्रक में घुस गई। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल भेजा।
हादसे में फिरोजाबाद के जसराना निवासी चालक मुकेश पुत्र ज्ञानीराम, मैनपुरी के थाना बीछवा स्थित नगला हरकेसी निवासी पप्पू पुत्र रामादास की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मैनपुरी के नगला दुर्जन निवासी महिला सूरजमती ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।