गंगा में तैराती जल परी श्रृद्घा शुक्ला (फाइल फाेटाे)
कानपुर से गंगा में तैरते हुए वाराणसी के लिए रवाना हुई जलपरी श्रद्धा शुक्ला के पिता के मोबाइल पर उसे डुबो देने की धमकी दिए जाने पर हड़कंप मच गया। इसके बाद सैनी पुलिस जांच में जुट गई और शाम तक आरोपी कड़ा निवासी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। उधर, आरोपी का कहना है कि उसने धमकी नहीं दी थी बल्कि स्वागत के लिए कालेश्वर घाट पर न रुकने पर श्राप दिया था।
कानपुर की रहने वाली श्रद्धा शुक्ला रविवार को गंगा में तैरती हुई वाराणसी के लिए रवाना हुई थी। बुधवार की सुबह जलपरी तैरते हुए जिले के कड़ा स्थित कुबरी घाट पर पहुंची। इसी दौरान उसके पिता ललित शुक्ला के मोबाइल पर एक अनजान शख्स का फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि श्रद्धा को कालेश्वर घाट पर रोक दें। इस पर जब ललित शुक्ला ने पुलिस की अनुमति बगैर रुकने से मना किया तो फोन करने वाले शख्स ने कहा कि तुम्हारी बेटी श्रद्धा गंगा में डूब जाएगी। धमकी भरे बोल सुनकर ललित परेशान हो उठे। उन्होंने सैनी पुलिस से शिकायत की। मामले की जानकारी होते ही पुलिस सक्रिय हो गई। सैनी पुलिस ने नंबर सर्विलांस पर ले लिया। पता चला कि नंबर कड़ा के रहने वाले विनय पंडा का है। सैनी पुलिस ने विनय पंडा को गिरफ्तार कर लिया। विनय का कहना है कि कालेश्वर घाट पर भारी संख्या में लोग जलपरी के स्वागत में खड़े थे लेकिन जब वह नहीं रुकी तो जलपरी के पिता के मोबाइल पर फोन कर रुकने को कहा था। बात नहीं मानने पर जलपरी को गंगा में डूबने का श्राप दिया था। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में लिखित तहरीर नहीं दी गई है, इसलिए आरोपी युवक का शांतिभंग में चालान किया गया है।