नगर कोतवाली क्षेत्र में रोडवेज अड्डे के पास पीएनबी के एटीएम को हैंग कर दो शातिरों ने एक व्यक्ति के खाते से 15 हजार रुपये निकाल लिए।
थोड़ी देर बाद मोबाइल पर पैसे निकाले जाने का मैसेज आया तो पीड़ित को ठगी की जानकारी हुई। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है।
राधा नगर निवासी देव कृष्ण गौड़ पुत्र सुखचंद शर्मा ने पुलिस को बताया कि उसका पंजाब नेशनल बैंक में खाता है। शनिवार सुबह करीब 11.30 बजे वह रोडवेज बस अड्डे के पास पीएनबी के एटीएम से रुपये निकालने गए थे।
केबिन में दो संदिग्ध पहले से खड़े थे। रुपये निकालने को जैसे ही सुखचंद शर्मा ने एटीएम कार्ड मशीन में डाला, एटीएम हैंग हो गया। तभी पीछे खड़े युवकों ने कहा कि एटीएम खराब है।
इसके बाद सुखचंद एटीएम से बाहर निकल आए। जैसे ही थोड़ी दूर आए उनके मोबाइल पर खाते से 15 हजार रुपये निकले जाने का मैसेज आया।
वापस एटीएम गए तो कोई नहीं था। कोतवाल ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
एएनएम के खाते से 10 हजार निकाले
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत एएनएम ग्रीटा मैसी के खाते से शातिर ने 10 हजार रुपये निकाल लिए। ग्रीटा मैसी ने बताया शनिवार को करीब एक बजे वह पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गई थी।
एटीएम कार्ड लगाने पर रुपये नहीं निकले। इसी दौरान मौके पर खड़े एक लड़के ने मदद के बहाने से एटीएम का पासवर्ड पूछ लिया। उस समय एटीएम नहीं चल रहा था।
जब वह घर वापस आ गई तो उसके मोबाइल पर दस हजार रुपये निकलने का मैसेज आया। शनिवार को बैंक बंद होने के कारण वह शाखा प्रबंधक से संपर्क नहीं कर सकी तथा थाने जाकर घटना की जानकारी दी।