मुरारी नगर में शराब के नशे में दोस्त ने अपने दोस्त पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। चीख सुनकर जब तक लोग पहुंचे आरोपी मौके से भाग गया। घायल को जटिया अस्पताल ले जाया गया। गंभीर हालत में चिकित्सकों ने उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दे दी है।
शनिवार शाम को मुरारी नगर निवासी संजय अपने घर पर बैठा था। इसी दौरान शराब के नशे में धुत उसका दोस्त भी आ गया। किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ा कि शराबी दोस्त ने चाकू निकालकर ताबड़तोड़ उसके ऊपर हमला बोल दिया। चीख सुनकर परिवार के लोग पहुंच गए।
लोगा को देखकर आरोपी मौके से भाग गया। परिजन घायल संजय को लेकर नगर स्थित सरकारी जटिया अस्पताल पहुंचे। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने घायल को अलीगढ़ रेफर कर दिया।
दबंगों ने दलित अधेड़ पर किया जानलेवा हमला
गांव वैर निवासी विक्रम ने बताया कि उसके पिता रमेशचंद (50) शनिवार को घर से भट्टे पर काम करने के लिए कहकर गए थे। शाम को वह वापस घर नहीं लौटेने पर वह उनकी तलाश कर रहे थे। रविवार की सुबह वह गांव के बाहर एक गढ्ढे में बेहोशी की हालत में मिले।
उनके शरीर पर धारदार हथियार से वार कर गंभीर रूप से घायल किया गया था। गंभीर हालत में उन्हें उपचार के लिए बुलंदशहर अस्पताल में भर्ती कराया गया। होश में आने पर उन्होंने बताया कि गांव के ही राकेश पुत्र गजराज, खिल्ली पुत्र बाबू ने उनका यह हाल किया है।
इंस्पेक्टर वीके मिश्रा ने बताया कि विक्रम की तहरीर पर दोनों के खिलाफ जानलेवा हमला और एससी एसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।