जिले में पिछले काफी दिनों से शासन के आदेश पर पेट्रोल पंपों पर छापेमारी जारी है। मगर एक भी पंप संचालक पर कार्रवाई नहीं होने से घटतौली करने वालों के हौसले बुलंद हैं।
शासन ने पेट्रोल पंपों पर घटतौली आदि गड़बड़ी को लेकर जिला प्रशासन को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
शुरुआत में जिला पूर्ति अधिकारी ने कई स्थानों पर छापे मारे। नोजल में कमी भी पाई गई। अभी भी पंपों की जांच जारी है। मगर, चौंकाने वाली बात यह है कि अभी तक किसी भी पंप संचालक पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। जबकि अफसरों को लगातार घटतौली आदि की शिकायत मिल रही है।
उधर, डीएसओ केबी सिंह का कहना है कि जहां भी पेट्रोल पंप की जांच की जा रही है और कोई गड़बड़ी सामने आ रही है। उसकी रिपोर्ट बनाकर प्रशासन के माध्यम से शासन को भेजी जा रही हैं। पेट्रोल पंपों पर घटतौली नहीं होने दी जाएगी और छापमार कार्रवाई जारी रहेगी।
एसडीएम ने पेट्रोल पंप पर मारा छापा
डिबाई क्षेत्र के मुख्य हाइवे पर मंगलवार को एसडीएम ने एक पेट्रोल पंप पर छापा मारा। छापे में कोई गड़बड़ी नहीं मिली। एसडीएम उमाशंकर के साथ पूर्ति निरीक्षक दिग्विजय सिंह, बीपीसीएल कंपनी के सेल्स ऑफिसर विपिन कुमार, बाट माप निरीक्षक दिलीप कुमार, मिटको कंपनी के इंजीनियर मुकेश कुमार आदि भारत पेट्रोलियम के एक पेट्रोल पंप पर छापा मारने पहुंचे।
इस दौरान पंप संचालक सुभाष तायल व गगन तायल भी मौजूद रहे। उधर, एसडीएम उमाशंकर ने बताया कि प्रशासन की ओर से पेट्रोल पंपों पर छापेमारी जारी है। जहां भी कोई गड़बड़ी मिल रही है। उसकी रिपोर्ट बनाकर जिला प्रशासन के माध्यम से शासन को भेजी जा रही है।