जिलाधिकारी ने जहांगीराबाद व पहासू मामलों में पुलिस की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए जमकर लताड़ लगाई है। पहासू कांड में नौ आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बावजूद तीन आरोपियों की गिरफ्तारी पर नाराजगी जताई है। इसके साथ ही जहांगीराबाद में गायब युवती को भी जल्द से जल्द बरामद करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी डॉ. रोशन जैकब ने हाल ही में हुई पहासू और जहांगीराबाद की घटना पर पुलिस-प्रशासन की लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने पुलिस-प्रशासनिक अफसरों के साथ हुई बैठक में पहासू व जहांगीराबाद कांड के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने कहा है कि पहासू में गैर समुदाय की युवती के गायब होने के बाद हुई हत्या के मामले में नौ आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई, लेकिन अभी तक महज तीन की गिरफ्तारी हुई है। डीएम ने फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा जहांगीराबाद में युवती की बरामदगी न होने पर भी नाराजगी जताई है। जहांगीराबाद में युवती को ले जाने का आरोप गैर समुदाय के युवक पर है। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के चलते संवेदनशील है। उन्होंने कोतवाली प्रभारी को निर्देश दिए कि जल्द युवती की बरामदगी की जाए। उन्होंने थानाध्यक्ष को अराजक तत्वों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।