नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सुशीला विहार में डेढ़ माह पहले कांग्रेस नेता शांति स्वरूप शर्मा की हत्या कर दी गई थी। अब उनके बंद पडे़ घर से रविवार रात चोरों ने लाखों का माल साफ कर दिया। दिवगंत कांग्रेस नेता के पुत्र ने चोरों के खिलाफ तहरीर दी है।
सुशीला विहार निवासी शुभम शर्मा ने पुलिस को बताया कि उसके पिता शांति स्वरूप शर्मा की 29 अक्तूबर की रात घर में घुसकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने आरोपी सुमित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जबकि अमित और दो अज्ञात बदमाश अब भी फरार हैं। पीड़ित ने बताया कि आरोपी पक्ष कई बार धमकी दे चुका है।
शुभम ने कहा कि वह पिता की हत्या के बाद परिवार सहित गांव में रह रहे हैं। रविवार रात चोर ताला तोड़कर अंदर घुसे और एक सोने का पैंडल, छह सोने की अंगूठी, एक सोने की चैन, एक सोने का पैंडल, दो जोड़ी चांदी की पाजेब, 15 जोड़ी कपड़े, एक सिलेंडर चोरी करके ले गए।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने ही इस चोरी की वारदात को अंजाम दिलाया है। नगर कोतवाल पोसीराम शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मकान का ताला तोड़ नकदी-जेवर चोरीः बुगरासी कस्बे के मंगल बाजार स्थित बंद पड़े एक मकान का ताला तोड़कर चोरों ने 30 हजार की नकदी और जेवर चोरी कर लिए।
पीड़ित के पिता ने पुलिस को तहरीर दी है। कस्बा निवासी जाहिद पुत्र महरबान मंगल बाजार स्थित एक दुकान के ऊपर बने कमरे में किराए पर रहता है। जाहिद के बेटी हुई है जिसके चलते वह पत्नी के साथ हापुड़ के एक अस्पताल में है। जाहिद के पिता महरबान ने बताया कि जीने का ताला टूटा हुआ देखकर वह ऊपर गए तो गेट का ताला भी टूटा हुआ था।
कमरे में रखी अलमारी खुली हुई थी। घर में 30 हजार की नकदी और जेवर गायब थे। महरबान ने अपने पुत्र जाहिद को मामले की जानकारी दी। पीड़ित के पिता ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है। बुगरासी चौकी इंचार्ज महिपाल सिंह का कहना है कि जाहिद के घर में चोरी की तहरीर उसके पिता ने दी है। घटनास्थल से कुछ दूरी पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की जाएंगी।