नगर के धमैड़ा अड्डे पर आधी रात में दुकान खोलकर कोल्डड्रिंक न देना दो भाइयों को भारी पड़ गया। एक सप्ताह बाद तीन आरोपियों ने दुकान के बाहर सो रहे दोनों भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों भाइयों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
धमैड़ा अड्डा निवासी साबिर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके दो बेटे मूंगफली, नमकीन और कोल्डड्रिंक की दुकान करते हैं। एक सप्ताह पहले धमैड़ा अड्डे के रहने वाले तीन युवक रात में करीब दो बजे आए। उन्होंने दुकान के बाहर सो रहे दोनों बेटों को जगाया। तीनों शराब के नशे में धुत थे।
तीनों ने दुकान खोलकर कोल्डड्रिंक देने को कहा तो इन्होंने मना कर दिया। इस पर तीनों युवक गाली-गलौंच करते हुए चले गए। इसके बाद सोमवार रात करीब 10.30 बजे तीनों युवक आए और घर के बाहर सो रहे दोनों भाइयों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर परिजन पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। परिजनों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। नगर कोतवाल राजवर्धन गौड़ ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
युवक पर चाकुओं से किया हमला
खुर्जा (ब्यूरो)। देहात थाना क्षेत्र में युवक को खेत पर बुलाकर कुछ लोगों ने चाकुओं से हमला कर दिया। युवक के शोर मचाने पर लोग पहुंचे तो आरोपी उसे लहूलुहान हालत में छोड़ कर भाग गए। घायल को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे हायर मेडिकल के लिए बुलंदशहर रेफर कर दिया गया।
गांव अगौरा निवासी शहजाद का गांव के कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। आरोप है सोमवार देर शाम दूसरे पक्ष के लोगों ने शहजाद को फोन कर खेल पर बुलाया। जब शहजाद खेत पर पहुंचा तो वहां पहले से मौजूद चार युवकों ने उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। उनमें से एक युवक ने शहजाद पर चाकुओं से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया।
शोर सुनकर आसपास से गुजर रहे ग्रामीण मौके की तरफ दौडे़ तो आरोपी घायल शहजाद को छोड़कर भाग गए। ग्रामीणों ने परिजनों को बुलाकर शहजाद को किसी तरह नगर स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया लेकिन हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने शहजाद को हायर मेडिकल के लिए बुलंदशहर रेफर कर दिया। घायल के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।