नगर कोतवाली क्षेत्र में एक सिपाही से बैंककर्मी बनकर ठगों ने उसके खाते से 4 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस लाइन निवासी कांस्टेबल बिशन सिंह ने तहरीर में बताया कि वह जिला न्यायाधीश की सुरक्षा में तैनात है। 26 नवंबर 2015 को उसके मोबाइल नंबर पर कॉल आई।
कॉल करने वाले ने कहा कि एसबीआई के हेडऑफिस से बोल रहा है। पांच साल पुराने एटीएम को रेन्युअल करना है। कॉलर ने आईडी प्रूफ के नाम पर आधार कार्ड का नंबर मांगा।
इसके बाद कॉलर ने एटीएम के छह अंकों का एक नंबर पूछ लिया। उसने कहा कि तीन दिन के भीतर नया एटीएम तुम्हारे घर पहुंचा जाएगा।
एटीएम नहीं आने पर उसे शक हुआ तो बैंक जाकर चेक किया तो खाते से 4 लाख रुपये निकाले जा चुके थे। नगर कोतवाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
वहीं, 28 नवंबर को गांव डरौरा थाना अनूपशहर निवासी अमरीश कुमार शर्मा पुत्र दुर्गा प्रसाद शर्मा से रोडवेज बस अड्डे के निकट पीएनबी के एटीएम से रुपया निकालने के दौरान शातिरों ने तीन हजार रुपयों की ठगी कर ली।