खुबडू़ रोड पर अहीर माजरा मोड़ के निकट ट्रक के नीचे कुचले जाने से बाइक सवार एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में गांव कैलाना निवासी होशियार सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह अपनी बाइक से वह भाभी राजबाला के साथ गांव से गन्नौर जा रहा था। जब वह खिजरपुर अहीर माजरा मोड़ से आगे बढ़ा तो इसी दौरान गुमड़ की तरफ से आ रहे ट्रक के चालक ने ट्रक को उनकी तरफ मोड़ दिया जिससे वह अपनी बाइक के साथ सड़क के किनारे गिर गया और उसकी भाभी ट्रक के नीचे आ गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही एएसआई नरेश कुमार और हवलदार सतवीर सिंह मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में पहुंचाया। पुलिस ने मामले में फरार ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ट्रक चालक को जल्द काबू कर लिया जाएगा।