सड़क हादसों में एक की मौत, दंपति घायल
सिकंदराबाद। कोतवाली क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई। जबकि दंपति गंभीर रूप से घायल हो गया। दंपति की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
क्षेत्र के गांव मुरादाबाद निवासी वीरेंद्र सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार रात उसका भाई मनवीर (35) ट्रैक्टर-ट्राली लेकर गुलावठी से गांव लौट रहा था। तभी ग्राम सनौटा, पीर बियावानी के बीच में ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होने के कारण सड़क किनारे खाई में पलट गई। ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे दबने के कारण मनवीर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने पुलिस की मदद से शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, चौधरीवाड़ा हिमाचल हाउस निवासी शिवांगी पुत्री अशोक कुमार कौशल ने बताया कि बुधवार रात उसके पिता अशोक कौशल, माता शिमला कौशल, भाई भारत कौशल नगर की टीचर्स कालोनी में शादी समारोह में भाग लेने जा रहे थे। तभी सिकंदराबाद-बुलंदशहर मार्ग पर बीडीएस स्कूल के पास वैन चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना में उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। शिवांगी ने अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।