पुलिस अभिरक्षा से युवती को ले जाने की कोशिश करने वाले आरोपी पहुंचे जेल
सिकंदराबाद। संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई युवती को बरामद करने के बाद बृहस्पतिवार को पुलिस मेडिकल के लिए लेकर गई थी। इस दौरान युवती के भाई व जीजा ने उसे पुलिस अभिरक्षा से ले जाने की कोशिश की। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। साथ ही युवती का कड़ी सुरक्षा के बीच मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
बीते बुधवार को नगर निवासी एक युवक ने थाने पर तहरीर देकर बताया था कि गत 20 जनवरी को उसकी 18 वर्षीय बहन संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी थी। पुलिस ने बुधवार रात में ही युवती को युवक के साथ बरामद कर लिया था। बृहस्पतिवार को पुलिस मेडिकल कराने के लिए युवती को लेकर सीएचसी पहुंची थी। आरोप है कि इस दौरान युवती के भाई व जीजा ने पुलिस अभिरक्षा से युवती को छुड़ाने की कोशिश की थी। कोतवाल अवनीश कुमार गौतम ने बताया कि आरोपी भाई और जीजा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि युवती को अगवा करने वाले युवक को भी जेल भेज दिया गया है।