अधिवक्ता की पत्नी और मां से मारपीट, दी हत्या की धमकी
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक अधिवक्ता की मां और पत्नी के साथ दबंगों ने मारपीट की। साथ ही पुलिस में शिकायत करने पर हत्या की धमकी दी। पीड़ित अधिवक्ता की शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव चांदपुर निवासी हरेंद्र पाल सिंह अधिवक्ता हैं। नगर कोतवाली में उन्होंने तहरीर के माध्यम से बताया कि गांव निवासी साहब सिंह व लखमी सिंह पुत्र सोरन सिंह दबंग किस्म के लोग हैं। आए दिन आरोपी पीड़ित व उसके परिजनों के साथ मारपीट व गाली गलौच करते हैं। आरोप है कि बीते 15 जनवरी को पीड़ित की 80 वर्षीय मां घर से खेत पर किसी काम से गई थी। इस दौरान आरोपियों ने पीड़ित की मां के साथ मारपीट व गाली गलौच की। साथ ही आरोपियों ने फिर से खेत पर आने पर बुजुर्ग महिला को हत्या की धमकी दी। पीड़ित का आरोप है कि बीते 22 जनवरी को उसकी पत्नी अपने प्लाट पर गई थी, जहां आरोपी साहब सिंह, उसकी बेटी, पत्नी और भाई लखमी सिंह ने पीड़ित की पत्नी के साथ गाली गलौच शुरू कर दी और मारपीट की। साथ ही आरोपी भविष्य में जान से मारने की धमकी देकर चले गए। नगर कोतवाल धनंजय मिश्र ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा। ब्यूरो