संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसी नवविवाहिता, गंभीर
बुलंदशहर। नई मंडी चौकी क्षेत्र निवासी एक नवविवाहिता मंगलवार सुबह घर की रसोई में संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गई। गंभीरावस्था में उसे एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। महिला की मां ने दहेज की मांग पूरी न होने पर बेटी को जलाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
नई मंडी चौकी क्षेत्र के गांव गुठावली कलां निवासी नवविवाहिता सोनम (22) पत्नी प्रशांत मंगलवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गई थी। जिसे ससुराल वालों ने गंभीर हालत में नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। महिला के जलने की सूचना पर एएसपी प्रमोद कुमार व नई मंडी चौकी इंचार्ज गुठावली गांव पहुंचे। जहां से पुलिस को जानकारी मिली थी कि महिला एक नर्सिंग होम में भर्ती है। एएसपी प्रमोद कुमार ने नर्सिंग होम पहुंच कर महिला से घटना की जानकारी की और पीड़िता के मजिस्ट्रेटी बयान दर्ज कराने के लिए तहसीलदार को बुला लिया। एएसपी ने बताया कि सोनम ने अपने बयानों में कहा है कि चाय बनाते समय वह झुलस गई थी। जबकि, पीड़िता की मां चंद्रवती पत्नी चंदू जोशी निवासी विलासपुर मध्य प्रदेश ने ससुरालीजनों पर अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर जलाकर उसकी हत्या की कोशिश का आरोप लगाया है। बकौल, पुलिस सोनम व प्रशंात ने करीब छह माह पूर्व प्रेम विवाह किया था। एएसपी ने कहा कि तहरीर के आधार पर भी मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।