ससुराल से बेटी गायब, हत्या की आशंका
पुलिस ने दर्ज की गुमशुदगी की रिपोर्ट
डिबाई।
विवाहिता के ससुराल से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब होने के बाद परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है। परिजनों ने संपूर्ण समाधान दिवस में भी शिकायत की, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। विधायक डा. अनीता राजपूत के दखल के बाद शनिवार को पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट गुमशुदगी में दर्ज की है।
रामघाट थाना क्षेत्र के गांव त्रिलोकपुर निवासी अतर सिंह पुत्र लायक सिंह ने पुलिस को बताया कि उसकी पुत्री नीलम की शादी 2011 में कोतवाली क्षेत्र के गांव करीरी निवासी जितेंद्र पुत्र हरिओम के साथ हुई थी। बताया कि ससुराल में बेटी के साथ मारपीट, उत्पीड़न कर घर से निकालने के बाद वह तीन वर्ष से मायके में रह रही थी। पीड़ित ने बताया कि अनूपशहर न्यायालय में इस संबंध में वाद चल रहा था। कोर्ट के आदेशानुसार ससुरालीजन नीलम को पिछले वर्ष दिसंबर में अपने साथ ससुराल ले गए। बताया कि ससुरालीजनों ने उसके साथ फिर इस माह 17 जून को मारपीट की। सूचना पर बेटी के ससुराल पहुंचने पर उन्हें पुत्री नहीं मिली। अब ससुराल वाले उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे रहे। उन्होंने बेटी की हत्या की आशंका जताई है। कोतवाली के निरीक्षक परशुराम ने बताया कि गुमशुदगी में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।