वाह री पुलिस.. दो साल पूर्व मृत विवाहिता अब मिली जिंदा
- दो वर्ष पूर्व ससुराल से संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई थी लापता
- पिता ने की थी शिनाख्त, हाईकोर्ट ने संज्ञान लिया तो मचा हड़कंप
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र की वलीपुरा नहर में दो वर्ष पूर्व एक अज्ञात महिला का शव मिला था, जिसकी शिनाख्त मृतका के पिता ने की थी। वही महिला नोएडा में आठ माह पूर्व विक्षिप्त अवस्था में मिली तो उसे नारी निकेतन भेज दिया गया। तब पुलिस ने पिता की तहरीर पर ससुरालवालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पति को जेल भेज दिया था। अब हाईकोर्ट के संज्ञान लेने के बाद पुलिस ने मृतका के पिता को आरोपी बनाते हुए रिपोर्ट दर्ज की है।
नगर कोतवाली क्षेत्र की वलीपुरा नहर में 26 मार्च 2016 को एक अज्ञात महिला का शव मिला था। शव की शिनाख्त अगौता के गांव मानपुर निवासी ऊधम सिंह ने अपनी पुत्री पूनम के रूप में की थी। पूनम शादीशुदा थी और गांव सैमली स्थित अपनी ससुराल से लापता थी। पुलिस ने वादी ऊधम सिंह की तहरीर पर मृतका के पति अमित, ससुर भोपत व सास उर्मिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस ने मामले में आरोप पत्र दाखिल करते हुए तीनों आरोपियों को जेल भी भेज दिया था। करीब आठ माह पूर्व यह मामला फिर चर्चाओं में आया था जब कुछ लोगों ने पूनम के जिंदा होने का दावा किया था। उस दौरान बताया गया था कि नोएडा में एक महिला विक्षिप्त अवस्था में घूमती मिली थी, जिसे नारी निकेतन में भर्ती करा दिया गया था। गांव सैमली के लोगों ने महिला की शिनाख्त पूनम के रूप में की थी। मामला संज्ञान में आने के बाद नगर कोतवाली पुलिस चुप्पी साधे रही। इस पर जेल में बंद पति अमित ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दी, बीते दिनों प्रकरण में हाईकोर्ट ने संज्ञान लेते हुए एसएसपी को तलब किया था तो नगर पुलिस में भी हड़कंप मच गया। वहीं अब किरकिरी से बचने के लिए नगर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात शव की शिनाख्त पूनम के रूप में करने वाले आरोपी पिता ऊधम सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नगर कोतवाल धनंजय मिश्र ने बताया कि मामला गंभीर है, आरोपी पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।