मुठभेड़ में तीन अंतर्जनपदीय वाहन चोर गिरफ्तार
- आरोपियों के पास से डिबाई पुलिस ने बरामद की चोरी की नौ बाइक
- चोरी के वाहनों के फर्जी कागजात तैयार करने वाले दलाल की तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
डिबाई पुलिस ने क्षेत्र के छोइया पुल के पास मुठभेड़ में अंतर्जनपदीय तीन वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने नौ चोरी बाइक भी बरामद की हैं। पुलिस आरोपियों द्वारा चोरी की गई बाइकों के फर्जी कागजात तैयार करने वाले अलीगढ़ के एक एजेंट की तलाश में जुटी है।
एसपी देहात प्रमोद कुमार तिवारी ने रविवार को पुलिस लाइन परिसर के सभागार में प्रेसवार्ता की। बताया कि डिबाई थाने पर तैनात एसएसआई क्षेत्र में टीम के साथ चेकिंग अभियान चला रहे थे। इस दौरान मुखबिर ने उन्हें सूचना दी कि अंतर्जनपदीय वाहन चोर गिरोह के कुछ सदस्य बाइक से नरौरा की तरफ से डिबाई की ओर आने वाले हैं। सूचना मिलते ही एसएसआई ने टीम के साथ छोइया पुल के निकट चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान तीन युवक बाइक से नरौरा की ओर से आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। गनीमत रही कि फायरिंग में कोई हताहत नहीं हुआ। कुछ दूरी पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी पूरन पुत्र राजवीर, नरेंद्र पुत्र मोहनलाल निवासीगण मोहल्ला चौक, थाना देहलीगेट, अलीगढ़ व सुनील पुत्र पंचम निवासी गांव बरौंठ थाना लोधा को दबोच लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने धर्मपुर रोड स्थित सकूर खां की पुरानी कोठी से आठ चोरी की बाइक भी बरामद कर लीं। साथ ही आरोपियों के पास से फर्जी इंश्योरेंस, आरसी, एक तमंचा व दो चाकू भी बरामद किए हैं। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने ये बाइक अलीगढ़ के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की हैं। उन्होंने बताया कि चोरी की बाइकों के कागजात दो हजार रुपये में अलीगढ़ आरटीओ कार्यालय के बाहर बैठने वाला एक दलाल थॉमसन तैयार कर उन्हें देता था। आरोपी फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वाहनों को चलाते और बेचते थे।