बाजार में खुलेआम फर्जी नौकरियों के आवेदन पत्रों की बिक्री हो रही है। बुक स्टालों पर फर्जी आवेदन पत्र पांच से दस रुपये में खुलेआम उपलब्ध कराऐ जा रहे हैं। फर्जीवाड़ा पकड़ा न जाए इसलिए फार्मों के नीचे अखबारों में छपे विज्ञापन तथा वेबसाइट के पते तक अंकित कर दिए जाते है। मजबूर बेरोजगार नौकरी पाने के चक्कर में सैंकड़ों रुपये गंवा रहे है। सब कुछ देखते हुए भी प्रशासन खामोश है।
जहांगीराबाद व इसके आसपास के इलाकों में ऐसी नौकरियों के फार्म धड़ल्ले से बेचे जा रहे हैं। भले ही संबंधितविभाग ने उस भर्ती को रद्द कर दिया हो बावजूद इसके बुक स्टाल विक्रेता हजारों आवेदकों को चूना लगा रहे है। पुलिस, शिक्षा, सिंचाई, मनरेगा व शिक्षा सहित कई विभागों में सैकडों पदों के लिए कई विभागों में रिक्त पदों को दिखाकर आवेदन पत्र मांगे गए है। उनकी अंतिम तिथि भी इन पर निर्धारित है। इस बाबत पूछे जाने पर एसडीएम वेद प्रकाश मिश्रा का कहना है कि इस तरह का मामला उनके संज्ञान में नहीं है। अगर ऐसा हो है तो यह गलत है। उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी ऐसा कर रहा है उसके विरुद्घ जांच कर कार्रवाई की जाएगी।