टीकाकरण महाअभियान में जनपद 41वें नंबर पर
बुलंदशहर। कोरोना से बचाव के लिए शुक्रवार को आयोजित हुए टीकाकरण महाअभियान में जनपद प्रदेश में 41वें स्थान रहा। जबकि, मंडल में पांचवें स्थान पर रहा है। मंडल में गौतमबुद्धनगर पहले और प्रदेश में दूसरे नंबर पर रहा।
शासन के निर्देश पर कोरोना से बचाव के लिए अधिक से अधिक लोगों को टीके लगाए जा सके इसी उद्देश्य से प्रत्येक माह तीन दिन महाअभियान का आयोजन किया जा रहा है। महाअभियान की खास बात ये है कि 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों को टीकाकरण के लिए रजिस्ट्रेशन भी ऑन स्पॉट किए जाते हैं। वहीं महाअभियान पूर्ण हो जाने पर शासन स्तर से सभी जनपदों की रैंकिग जारी की जाती है। सितंबर माह का दूसरा महाअभियान शुक्रवार को आयोजित हुआ। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के 81 केंद्रों पर टीकाकरण किया गया। जनपद को शासन से 74 हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य मिला था। लक्ष्य के सापेक्ष 47,729 लोगों को टीके लगाए जाने पर जिले में 64.50 प्रतिशत टीकाकरण हुआ।
मंडल और प्रदेश में रैंकिंग की सूची
जनपद का नाम मंडल में रैंक प्रदेश में रैंक
गौतमबुद्धनगर पहला दूसरा
बागपत दूसरा तीसरा
गाजियाबाद तीसरा आठवां
मेरठ चौथा 40वां
बुलंदशहर पांचवें 41वां
हापुड़ छठवां 62वां
माह का तीसरा महाअभियान 27 को
शासन के निर्देश पर अगस्त माह से टीकाकरण का महाअभियान चलाया जा रहा है। प्रत्येक माह में तीन दिन महाअभियान का आयोजन होता है। सितंबर माह में छह और 17 सितंबर को दो महाअभियान आयोजित हो चुके है। अब तीसरा महाअभियान 27 सितंबर को आयोजित होगा।
शासन स्तर से जारी हुई महाअभियान की रैंकिंग में जनपद प्रदेश में 41वें और मंडल में पांचवें स्थान पर रहा है। टीकाकरण महाअभियान के दौरान कुल लक्ष्य के सापेक्ष 64.50 फीसदी टीका लगाया गया। जो अन्य जनपदों से अधिक है। अब 27 सितंबर को माह का तीसरा टीकाकरण महाअभियान चलाया जाएगा। - डॉ. राकेश चंद्रा, एसीएमओ/नोडल अधिकारी।