अहार में कोरोना से बचाव के लिए टीका लगवाते लोग।
- फोटो : BULANDSHAHR
घर-घर से लोगों को बुलाकर टीका लगवाएगा स्वास्थ्य विभाग
बुलंदशहर। कोरोना संक्रमण की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। कोरोना से बचाव के लिए एक भी टीका नहीं लगवाने लोगों की डोर-टू-डोर सर्वे कर पहचान की जाएगी और टीका लगवाने के लिए जागरूक किया जाएगा। साथ ही बदलते मौसम में बुखार और क्षय रोगियों की भी पहचान की जाएगी। इसके लिए विभाग सात सितंबर से 16 सितंबर तक अभियान चलाएगा।
सात सितंबर से शुरू होने वाले 10 दिवसीय अभियान घर-घर सर्वे करने की जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग द्वारा आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को दी जाएगी। इसके लिए जल्द ही टीमों का गठन किया जाएगा। टीम द्वारा सर्वे के दौरान बुखार, खांसी-जुकाम, क्षय रोगी, चिकनगुनिया, मलेरिया और टाइफाइड समेत अन्य बीमारियों से ग्रस्त लोगों पहचान करेगी।
सात सितंबर से 16 सितंबर तक गली-मोहल्ले और गांव में घर-घर टीकाकरण से वंचित चल रहे लोगों सहित अन्य बीमारियों से जूझ रहे लोगों की पहचान की जाएगी। साथ ही संभावित तीसरी लहर से बच्चों को बचाने के लिए जागरूक भी किया जाएगा। सर्वे के दौरान बीमार मिलने वाले लोगों की जांच कराई जाएगी और विभाग द्वारा दवा उपलब्ध कराई जाएगी। स्थिति गंभीर मिलने पर भर्ती कराने की व्यवस्था भी की जाएगी। - डॉ. विनय कुमार सिंह, सीएमओ