जिला अस्पताल में उपचार कराने आया युवक मिला संक्रमित
बुलंदशहर। जिले में कोरोना संक्रमण के मामलों में वृद्धि का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। बुधवार को कोरोना जांच के दौरान जिला अस्पताल में उपचार कराने आया एक युवक और ट्रेन से सफर कर रहे यात्री सहित 21 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसमें दो लोगों को रेफर करने के साथ शेष को होम आइसोलेट कर दिया गया है। जिले में अब सक्रिय केस बढ़कर 50 हो गए हैं।
जिले में बीते सात दिन में कोरोना के 50 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें बुधवार को कोरोना पॉजिटिव आए लोग भी शामिल है। संक्रमण को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोविड जांच का दायरा बढ़ा दिया है। इसके तहत दिल्ली या अन्य राज्यों से आने वाले लोगों पर नजर रखने के साथ उनकी कोविड जांच कराई जा रही है। बुधवार को नगर समेत जिलेभर में कोविड जांच की गई। इस दौरान आरटीपीसीआर जांच के दौरान 12 और एंटीजन किट से जांच के दौरान नौ लोग कोरोना पॉजिटिव आए। एसीएमओ एवं नोडल अधिकारी डॉ. रोहताश यादव ने बताया कि जिला अस्पताल में उपचार कराने आए एक युवक, एटा निवासी एक रेलवे यात्री, बुलंदशहर में 10, खुर्जा में तीन, डिबाई, गुलावठी व सिकंदराबाद में दो-दो व्यक्तियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। जिले में अब कुल 20,271 केस हो गए हैं। इसमें 244 लोगों की मौत तो 19,977 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। सक्रिय 50 मरीजों में से 45 होम आइसोलेशन में हैं। लोगों से अपील है कि मास्क जरूर पहनें और दो गज की दूरी का पालन जरूर करें।