सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में अब भी 60 फीसदी सीटें खाली
बुलंदशहर। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से संबद्ध डिग्री कॉलेजों में यूजी प्रथम वर्ष में प्रवेश प्रक्रिया 18 अक्तूबर तक जारी रहेगी। अब भी सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में यूजी की 60 फीसदी सीटें रिक्त चल रही हैं। कॉलेज विवि से फिर से रजिस्ट्रेशन खोलने की मांग कर रहे हैं। हालांकि एडेड कॉलेजों में करीब 1500 सीटें रिक्त हैं। इन पर 18 अक्तूबर तक प्रवेश पूरे होने की संभावना है।
विवि की ओर से जारी की गई दो कटऑफ के बाद ओपन मेरिट से कॉलेजों में प्रवेश शुरू हुए हैं। छात्र-छात्राओं के पास 18 अक्तूबर तक प्रवेश लेने का मौका है। प्रवेश प्रक्रिया में सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों के सामने बड़ी दिक्कत आ रही है। प्रवेश कम होने के कारण सीटें नहीं भर पा रही हैं। कॉलेजों में अब 60 फीसदी सीटें रिक्त हैं। जिले में सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों की संख्या 55 से अधिक है। इनमें पांच हजार से अधिक सीटें बीए, बीएससी, बीकॉम और विभिन्न प्रोफेशनल कोर्स की हैं। प्रोफेशन कोर्स में बीबीए, बीसीए में भी करीब तीन हजार सीटों पर ही प्रवेश हो सका है। कुछ सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में प्रवेश दोनों कटऑफ में ठीक हुए हैं लेकिन अब भी सीटें रिक्त हैं। जनपद में अभी तक 12 हजार में से लगभग आठ हजार सीटों पर ही प्रवेश हो सके हैं।
सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में यूजी और प्रोफेशनल कोर्स की अभी 60 फीसदी सीटें खाली हैं। विवि को इसके बारे में अवगत कराया गया है। अभी ओपन मेरिट के प्रवेश चल रहे हैं। इसके बाद विवि कुछ निर्णय ले तो रिक्त सीटें भर सकती हैं। - डॉ. सौरभ शर्मा, प्राचार्य, एसबीएमटी कॉलेज।